वाराणसी। काशी में गुरुवार को मौसम ने करवट ली। सुबह धूप निकलने के बाद करीब 10 बजे तेज हवाओं के साथ बादल छा गए और लगभग 11 बजे हल्की बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में शहर में 10.4 से 11 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हवा की गति करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटा और वातावरण में नमी 70 प्रतिशत दर्ज की गई।
बारिश के बीच गंगा का जलस्तर बढ़कर 60.97 मीटर तक पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने से घाट किनारे स्थित 50 से अधिक छोटे-बड़े मंदिरों में पानी प्रवेश कर गया है। हालांकि प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही सामान्य बनी हुई है। प्रशासन लगातार गंगा के जलस्तर पर नजर रखे हुए है।
![]() |
| Advertisement |
दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकलती रही और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का दौर भी चलता रहा।यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून की द्रोणी लगातार दक्षिण की ओर खिसक रही है, जिससे मानसूनी गतिविधियों का मुख्य क्षेत्र पश्चिम और मध्य भारत की ओर स्थानांतरित हो गया है। इसका असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है।
![]() |
| Advertisement |
उन्होंने बताया कि 25 जुलाई तक प्रदेश में मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन फिलहाल किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, 26 जुलाई के बाद मानसूनी गतिविधियों में फिर तेजी आने के संकेत हैं।
![]() |
| Advertisement |



