यूपी में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, 20 से अधिक जिलों में ऑरेंज और यलो चेतावनी जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कमजोर पड़ने और मानसूनी द्रोणी के उत्तर की ओर बढ़ने से प्रदेश में अगले पांच दिनों तक व्यापक बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 और 29 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई को प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में बारिश होगी, जबकि 29 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश होने का अनुमान है। 30 और 31 जुलाई को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश और मेघगर्जन का सिलसिला जारी रह सकता है। 

28 जुलाई को सोनभद्र, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। वहीं बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, झांसी, महोबा, हमीरपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। 29 जुलाई को ललितपुर में भारी से बहुत भारी वर्षा तथा बांदा, चित्रकूट, झांसी, महोबा, हमीरपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, बरेली और पीलीभीत सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। 

Advertisement

लगातार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव, नदियों और नालों के जलस्तर में वृद्धि, सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने, बिजली आपूर्ति बाधित होने तथा कच्चे मकानों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों और नदियों के किनारे न जाने तथा मेघगर्जन के समय पेड़ों के नीचे शरण न लेने की अपील की गई है। वाहन चालकों को भी फिसलन और कम दृश्यता के कारण विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 

Advertisement

कृषि विभाग की ओर से किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करने, धान, गन्ना, दलहन, तिलहन, मक्का और सब्जी फसलों में जलभराव से बचाव के उपाय करने तथा लगातार बारिश के दौरान उर्वरकों का प्रयोग न करने की सलाह दी गई है। केला, पपीता सहित बागवानी फसलों को सहारा देने और रोगों की नियमित निगरानी करने की भी अपील की गई है।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post