लखनऊ: पॉलीटेक्निक चौराहे पर बनेगा 700 मीटर लंबा अंडरपास, 90 करोड़ की परियोजना से जाम से मिलेगी राहत

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल पॉलीटेक्निक चौराहे पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यहां एचएएल (HAL) के सामने से पॉलीटेक्निक चौराहा पार करते हुए वेब सिनेमा तक लगभग 700 मीटर लंबा अंडरपास बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 90 करोड़ रुपये खर्च होंगे।इस अंडरपास के बनने से सिर्फ लखनऊ के लोगों को ही नहीं, बल्कि अयोध्या, गोरखपुर, बहराइच, गोंडा और बलरामपुर समेत कई जिलों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी जाम से बड़ी राहत मिलेगी। 

फिलहाल इन जिलों से आने वाले हजारों वाहन पॉलीटेक्निक चौराहे पर ट्रैफिक जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं।इस अंडरपास की मांग लखनऊ पूर्व के विधायक ओपी श्रीवास्तव ने फरवरी में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उठाई थी। उन्होंने कहा था कि लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर पॉलीटेक्निक चौराहे से वेब सिनेमा की ओर अंडरपास का निर्माण कराया जाए ताकि रोज लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके। सदन में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने इसे अपनी कार्ययोजना में शामिल कर लिया।

Advertisement

सेतु निगम ने परियोजना का विस्तृत खाका तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया है। विभाग के अनुसार, शासन से बजट मंजूर होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।रोजाना गुजरते हैं 50 हजार से अधिक वाहन पॉलीटेक्निक चौराहे से प्रतिदिन 50 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। इनमें एचएएल की ओर से आने वाले 15 से 20 हजार वाहन अयोध्या रोड और गोमतीनगर की दिशा में जाते हैं। सुबह और शाम के व्यस्त समय में यहां अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है। अंडरपास बनने के बाद ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आवागमन पहले से अधिक सुगम हो जाएगा।

Advertisement
अयोध्या रोड की ओर भी अंडरपास बढ़ाने की मांग विशेषज्ञों का मानना है कि केवल एचएएल से वेब सिनेमा तक अंडरपास बनने से गोमतीनगर की ओर जाने वाले वाहनों को तो राहत मिलेगी, लेकिन अयोध्या रोड की दिशा में ट्रैफिक का दबाव बना रह सकता है। मुंशीपुलिया की ओर से आने वाले वाहनों के कारण भविष्य में भी जाम की स्थिति बन सकती है। इसलिए सुझाव दिया जा रहा है कि अंडरपास का विस्तार अयोध्या रोड की ओर भी किया जाए, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।शासन से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य शुरू होगा, जिससे राजधानी की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है। 
Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post