यूपी में कुशीनगर समेत 6 एयरपोर्ट बंद, जेवर-हिंडन से भी घटीं उड़ानें; यात्रियों की कमी और महंगे किराए बने बड़ी वजह

उत्तर प्रदेश में क्षेत्रीय हवाई सेवाओं को बड़ा झटका लगा है। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत राज्य के छह हवाई अड्डों पर फिलहाल कोई नियमित उड़ान संचालित नहीं हो रही है। वहीं नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से भी उड़ानों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। यह स्थिति तब है जब इन एयरपोर्टों के विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। 

केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के तहत 10 जुलाई 2026 तक देशभर में 679 हवाई मार्ग शुरू किए गए थे। इनमें से केवल 348 मार्गों पर नियमित उड़ानें चल रही हैं, जबकि 165 मार्ग वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) अवधि पूरी होने से पहले ही बंद हो गए। सरकार के अनुसार, इन मार्गों पर यात्रियों की संख्या कम होने और संचालन लागत अधिक होने के कारण एयरलाइंस के लिए सेवाएं जारी रखना व्यावसायिक रूप से लाभदायक नहीं रहा। उत्तर प्रदेश में उड़ान योजना के तहत 18 हवाई अड्डों को चिन्हित किया गया था, लेकिन फिलहाल कुशीनगर, आजमगढ़, अलीगढ़, चित्रकूट, श्रावस्ती और मुरादाबाद से नियमित उड़ानें संचालित नहीं हो रही हैं। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पिछले एक वर्ष से कोई नियमित उड़ान नहीं चली है, जबकि इसके विस्तार पर 108.22 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। 

Advertisement

गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से भी उड़ानों की संख्या पहले की तुलना में लगभग आधी रह गई है। वहीं जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहले 17 शहरों के लिए उड़ानें उपलब्ध थीं, जो अब घटकर 15 रह गई हैं। प्रतिदिन उड़ानों की संख्या भी 36 से घटकर करीब 28–30 रह गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, छोटे हवाई अड्डों पर विमान ईंधन भरने की सुविधा न होना बड़ी समस्या है। इसके कारण विमानों को बड़े एयरपोर्ट से ईंधन भरकर आना पड़ता है, जिससे संचालन लागत बढ़ जाती है। इसके अलावा कई रूटों पर यात्रियों की संख्या कम, हवाई टिकट महंगे और एयरपोर्ट तक सड़क व सार्वजनिक परिवहन की कमजोर कनेक्टिविटी भी उड़ानों के प्रभावित होने की प्रमुख वजह हैं। 

Advertisement

हालांकि, केंद्र सरकार ने 4 जुलाई 2026 से संशोधित उड़ान योजना लागू की है। इसका लक्ष्य अगले 10 वर्षों में 120 नए अविकसित और कम सेवा वाले हवाई गंतव्यों को जोड़ना तथा 4 करोड़ यात्रियों को सस्ती हवाई यात्रा उपलब्ध कराना है। सरकार ने यह भी बताया कि मुरादाबाद-लखनऊ रूट पर अब स्काईहॉप कंपनी उड़ान सेवा शुरू करेगी। इसके अलावा मुरादाबाद को कानपुर, हिंडन, सहारनपुर और देहरादून से जोड़ने की भी योजना है। 

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post