वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के सजोई गांव के पास रिंग रोड फेज-2 पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक का शव ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय ट्रक में चालक अकेला था और उसके साथ कोई खलासी मौजूद नहीं था।
![]() |
| Advertisement |
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल जंसा पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद चालक के शव को केबिन से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया।
![]() |
| Advertisement |
जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि ट्रक के पंजीकरण नंबर के आधार पर मृत चालक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
![]() |
| Advertisement |
हादसे के कारण कुछ समय तक रिंग रोड फेज-2 पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाकर मार्ग पर यातायात सामान्य कराया। पुलिस दुर्घटना के सभी संभावित कारणों की जांच में जुटी है।



