वाराणसी में दर्दनाक हादसा: बहन को बचाने दौड़ा भाई, दोनों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के राजपुर गांव और मिर्जापुर सीमा के पास बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में भाई-बहन की जान चली गई। मवेशी चराकर घर लौट रहे 21 वर्षीय अनुराधा उर्फ अन्नू और उसके 19 वर्षीय भाई टिंकू पाल रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में अनुराधा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल टिंकू ने गुरुवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, दोनों भाई-बहन शाम को मवेशी चराने रेलवे लाइन के उस पार गए थे। रात में लौटते समय वाराणसी-प्रयागराज रेल मार्ग पर ट्रेन आ गई। बताया जा रहा है कि बहन को रेलवे ट्रैक पर देखकर टिंकू उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। अनुराधा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया।

Advertisement

घटना के बाद परिजन घायल टिंकू को कछवां रोड के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। गुरुवार तड़के इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं, अनुराधा के शव को परिजन घर ले गए और बोरे में रखकर घर के अंदर छिपा दिया। सूचना मिलने पर खजुरी चौकी प्रभारी गणेश पटेल मौके पर पहुंचे, लेकिन परिजनों ने काफी देर तक शव के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। ग्राम प्रधान संजय कुमार और अधिवक्ता धीरज सिंह के समझाने के बाद करीब दो घंटे बाद शव पुलिस को सौंपा गया।

Advertisement

परिजनों के अनुसार, अनुराधा मानसिक रूप से कमजोर थी। भाई-बहन की एक साथ मौत से परिवार में मातम छा गया है। दोनों के पिता हीरामणि उर्फ मन्ना पाल मुंबई में नौकरी करते हैं और घटना की सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post