वाराणसी। काशी में लगातार करीब 15 घंटे हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जबकि कई घरों और अस्पतालों में भी पानी घुस गया।बारिश के कारण कई प्रमुख मार्गों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जगह-जगह कारें और दोपहिया वाहन पानी में फंस गए। यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही।
BHU में मरीज को कंधे पर लेकर पहुंचे परिजन
बारिश और जलभराव का असर बीएचयू परिसर में भी देखने को मिला। पानी भरने के कारण मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने में परेशानी हुई, जिसके बाद परिजन मरीज को कंधे पर लादकर अस्पताल तक ले जाते नजर आए। इसका वीडियो भी सामने आया है।
शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव के चलते लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हुई। लगातार बारिश से नगर की जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से जलभराव वाले इलाकों में तत्काल राहत और पानी निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।



