काशी हिंदू विश्वविद्यालय में मंगलवार को BFA के छात्र-छात्राओं ने प्रैक्टिकल परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर केंद्रीय कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों ने हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन से उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रही छात्रा नैंसी ने बताया कि प्रैक्टिकल परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर छात्रों को कई आपत्तियां हैं। छात्रों की मांग है कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और जिन विद्यार्थियों को अपने अंकों को लेकर आपत्ति है, उनकी कॉपियों की दोबारा जांच (री-चेकिंग) की व्यवस्था की जाए।
धरने में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उचित समाधान निकालने की मांग की। प्रदर्शन के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले में क्या कदम उठाया जाता है, इस पर छात्रों की नजर है।



