काशी में 'हर घर तिरंगा' अभियान को धार देंगे भाजपा कार्यकर्ता, नागेश्वर देव पांडेय बने क्षेत्र संयोजक

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र 10 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' और 'तिरंगा यात्रा' अभियान को व्यापक स्तर पर चलाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र होने के कारण इस अभियान को काशी क्षेत्र में विशेष प्राथमिकता दी गई है। अभियान की निगरानी भाजपा के 16 संगठनात्मक जिलों में की जाएगी।रोहनिया स्थित भाजपा काशी क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अभियान के प्रभावी संचालन के लिए क्षेत्रीय स्तर पर विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

तिरंगा यात्रा अभियान के लिए नागेश्वर देव पांडेय को क्षेत्र संयोजक बनाया गया है। वहीं शैलेंद्र मौर्य, नम्रता चौरसिया, अजीत रावत और देवेंद्र मौर्य को क्षेत्र सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। क्षेत्रीय टोली सभी 16 संगठनात्मक जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करेगी, ताकि सभी कार्यक्रम तय योजना के अनुसार संपन्न हो सकें।अशोक चौरसिया ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रभक्ति, एकता और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 10 से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा पहुंचाने और प्रत्येक परिवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

Advertisement 

अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय से निकलने वाली तिरंगा यात्रा से होगी। 6 अगस्त को मंडल स्तर पर योजना बैठकें आयोजित कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल और महानगरों के वार्ड स्तर पर एक से दो किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनका नेतृत्व भारतीय जनता युवा मोर्चा करेगा। महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ इसमें सहभागिता करेंगे।13 से 15 अगस्त तक क्षेत्र, जिला और मंडल स्तर पर गठित टोलियां घर-घर संपर्क अभियान चलाकर लोगों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेंगी। अभियान के दौरान कार्यकर्ता युद्धवीरों, शहीदों के परिजनों और कर्तव्य निर्वहन में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों का सम्मान भी करेंगे।इसके अलावा 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों और अन्य ऐतिहासिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी।

Advertisement 

Advertisement 




Post a Comment

Previous Post Next Post