वाराणसी। सावन माह में काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने सुगम दर्शन टिकट व्यवस्था में बदलाव किया है। मंदिर प्रशासन ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नई व्यवस्था लागू करते हुए स्पष्ट किया है कि सावन के सोमवार (10, 17 और 24 अगस्त) को सुगम दर्शन टिकट उपलब्ध नहीं होंगे। इसके अलावा सप्ताह के अन्य सभी दिनों में श्रद्धालु सुगम दर्शन के लिए टिकट बुक कर सकेंगे।मंदिर प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी दिन श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ती है और व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका होती है, तो आवश्यकता पड़ने पर सुगम दर्शन टिकट की सुविधा अस्थायी रूप से बंद की जा सकती है।सावन में बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। प्रतिदिन मंगला आरती के लिए केवल 100 टिकट जारी किए जाते हैं। पूरे सावन माह के लिए लगभग सभी टिकट पहले ही बुक हो चुके हैं। हालांकि, मंदिर की वेबसाइट पर 26 और 27 अगस्त के लिए कुछ टिकट उपलब्ध हैं, जिन्हें श्रद्धालु ऑनलाइन बुक कर सकते हैं।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि टिकट केवल अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ही बुक करें और किसी भी दलाल या अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर में जिगजैग बैरिकेडिंग का विस्तार किया गया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से कतारबद्ध कराना, भीड़ को नियंत्रित रखना और धूप व अव्यवस्था से राहत देना है।मंदिर प्रशासन के अनुसार, सावन के पहले सोमवार को लगभग 5.30 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। यह संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक बताई जा रही है।प्रशासन के मुताबिक, सावन माह में अब तक 20 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेक चुके हैं। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंच रहे हैं। आगामी सोमवारों और विशेष तिथियों पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने का अनुमान है।सावन में रुद्राभिषेक कराने के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंच रहे हैं। विशेष पूजन और अभिषेक के लिए पहले से बुकिंग कराई जा रही है। मंदिर प्रशासन निर्धारित समय के अनुसार श्रद्धालुओं को रुद्राभिषेक की सुविधा उपलब्ध करा रहा है। यह अनुष्ठान गर्भगृह के बाहर मंदिर परिसर में स्थित शिवलिंगों पर कराया जा रहा है।जो श्रद्धालु काशी नहीं पहुंच पा रहे हैं, उनके लिए मंदिर प्रशासन ने ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था की है। श्रद्धालु मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के माध्यम से बाबा विश्वनाथ के लाइव दर्शन और पूजन का सीधा प्रसारण देख सकते हैं। इस सुविधा का उद्देश्य देश-विदेश में बैठे श्रद्धालुओं को भी बाबा विश्वनाथ के दर्शन का आध्यात्मिक अनुभव उपलब्ध कराना है।
 |
| Advertisement |
 |
| Advertisement |
 |
| Advertisement |