वाराणसी। मानसून के दौरान जलभराव और सीवर व्यवस्था को लेकर नगर निगम के दावों की पोल लगातार खुल रही है। काशी के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बटुक भैरव मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर पिछले चार दिनों से सीवर का पानी जमा होने से श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सावन माह में बड़ी संख्या में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को मल-जल से होकर मंदिर में प्रवेश करना पड़ रहा है।मंदिर के महंत राकेश पुरी ने बताया कि सीवर लाइन चोक होने की शिकायत कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि मंदिर के मुख्य द्वार पर लगातार सीवर का पानी भरा रहने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

महंत ने आरोप लगाया कि बिरदोपुर वार्ड की पार्षद सीमा वर्मा से भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले ही सीवर की डिसिल्टिंग और सफाई कराने की मांग की गई थी, इसके बावजूद न तो सफाई कर्मी भेजे गए और न ही चोक सीवर की सफाई कराई गई।बटुक भैरव मंदिर काशी के प्रमुख सिद्धपीठों में शामिल है, जहां सावन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल के बाहर सीवर का पानी भरा होना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। श्रद्धालुओं ने जल्द से जल्द सीवर की सफाई कराकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
 |
| Advertisement |
 |
| Advertisement |
 |
| Advertisement |