लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मथुरा समेत करीब 50 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में बादल छाए हुए हैं। लगातार हो रही वर्षा से कई शहरों में जलभराव की स्थिति बन गई है और जनजीवन प्रभावित हुआ है।मथुरा में भारी बारिश के कारण एक अंडरपास में करीब चार फीट तक पानी भर गया, जिससे कई बाइक और स्कूटी पानी में डूब गईं। लोगों को कमर तक भरे पानी के बीच आवाजाही करनी पड़ी, वहीं यातायात भी प्रभावित रहा।
राजधानी लखनऊ और उन्नाव में सोमवार रात करीब नौ बजे शुरू हुई बारिश मंगलवार दोपहर तक जारी रही। करीब 15 घंटे तक हुई रुक-रुक कर तेज और हल्की बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव हो गया और वे तालाब जैसी नजर आने लगीं। कई इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया, जबकि कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
![]() |
| Advertisement |
बाराबंकी में चार घंटे की मूसलाधार बारिश से बस स्टेशन परिसर जलमग्न हो गया। वहीं रायबरेली में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। आगरा में भी रात एक बजे से रुक-रुक कर बारिश जारी है, जिसके चलते कई निजी स्कूलों ने छुट्टी की घोषणा की।
![]() |
| Advertisement |
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 72 जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।
![]() |
| Advertisement |



