175 करोड़ से विकसित प्रयागराज एयरपोर्ट में महिला कर्मचारियों के लिए शौचालय नहीं

प्रयागराज। प्रयागराज एयरपोर्ट में महिला कर्मचारियों के लिए एयर साइड क्षेत्र में अलग शौचालय की सुविधा नहीं होने का मामला सामने आया है। महाकुंभ से पहले एयरपोर्ट के विकास और विस्तार पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन महिला कर्मचारियों के लिए यह बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके चलते एयरपोर्ट पर ड्यूटी करने वाली महिला कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।एयरपोर्ट के एयर साइड क्षेत्र में विमानन कंपनियों और ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों के कर्मचारी कई तरह के काम करते हैं। इनमें लगेज हैंडलिंग, विमान की सफाई, ग्राउंड सपोर्ट और अन्य तकनीकी कार्य शामिल हैं। यहां पुरुष कर्मचारियों के लिए शौचालय की व्यवस्था है, लेकिन महिला कर्मचारियों के लिए अलग शौचालय नहीं है।

महिला कर्मचारियों के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान शौचालय का इस्तेमाल करने के लिए उन्हें एयर साइड क्षेत्र से बाहर जाना पड़ता है या दूर स्थित सार्वजनिक शौचालय का सहारा लेना पड़ता है। इससे उन्हें असुविधा के साथ-साथ काम के दौरान अतिरिक्त समय भी लगाना पड़ता है। कर्मचारियों ने एयरपोर्ट प्रशासन से एयर साइड क्षेत्र में ही महिलाओं के लिए शौचालय बनवाने की मांग की है।गौरतलब है कि महाकुंभ से पहले प्रयागराज एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए बड़े स्तर पर विकास कार्य कराए गए थे। एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल भवन, पार्किंग, प्रतीक्षालय और यात्रियों से जुड़ी अन्य सुविधाएं विकसित की गईं। यात्रियों के लिए सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था भी है, लेकिन एयर साइड में काम करने वाली महिला कर्मचारियों के लिए अलग सुविधा नहीं है।प्रयागराज सिविल एयरपोर्ट का निर्माण वर्ष 2018 में कुंभ से पहले कराया गया था। करीब 164 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एयरपोर्ट को लगभग 800 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया था। इसका निर्माण करीब 11 महीने में पूरा हुआ था। 16 दिसंबर 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट का लोकार्पण किया था। बाद में महाकुंभ से पहले एयरपोर्ट के विस्तार और विकास पर करीब 175 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

Advertisement 

Advertisement 

Advertisement 






Post a Comment

Previous Post Next Post