रेड लाइट एरिया में डांसर का शव मिलने से हड़कंप, FSL टीम ने जुटाए अहम सुराग

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर के चतुर्भुज स्थान स्थित रेड लाइट एरिया में उत्तर प्रदेश की 22 वर्षीय डांसर मुस्कान कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। उसका शव किराए के कमरे में ग्रिल से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई।एफएसएल टीम ने कमरे से फिंगरप्रिंट, सिगरेट के टुकड़े और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इन सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कमरे से मिले फिंगरप्रिंट किसके हैं। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मुस्कान मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थी और करीब पांच वर्षों से मुजफ्फरपुर के रेड लाइट एरिया में नर्तकी के रूप में काम कर रही थी। करीब एक महीने पहले उसने रुखसाना नाम की महिला के तीन मंजिले मकान की पहली मंजिल पर किराए का कमरा लिया था। वह कमरे में अकेली रहती थी।कमरे का दरवाजा हल्का धक्का देने पर खुल गया, जिसके बाद अंदर मुस्कान का शव ग्रिल से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।जांच के दौरान मुस्कान के एक युवक के साथ कथित प्रेम संबंध की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह रामबाग इलाके के एक युवक के संपर्क में थी। मकान मालकिन के अनुसार, मुस्कान पहले गौतम नाम के युवक के साथ रहती थी, लेकिन वह करीब 40-50 दिनों से वहां नहीं आया था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।नगर थानेदार जयप्रकाश सिंह के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल सामने आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

Advertisement 

Advertisement 

Advertisement 












Post a Comment

Previous Post Next Post