रोहनिया के बच्छांव में एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के दौरान मऊ निवासी पुनीत मिश्रा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल पुनीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से 315 बोर का असलहा, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद हुए हैं। वहीं, बाइक सवार उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस की पूछताछ में पुनीत के श्रेया हत्याकांड के मुख्य आरोपी विवेक चौबे से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि पुनीत ने हत्या में साथ देने वाले लोगों को लाखों रुपये देने का लालच दिया था। हालांकि, श्रेया के परिवार ने पुलिस की इस कहानी और आरोपी की पहचान को लेकर सवाल उठाए हैं।
इधर, मुख्य आरोपी विवेक चौबे अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद है और वह लगातार ठिकाने बदल रहा है। पुलिस ने करीब 150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। एसओजी समेत चार टीमें उसके रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ कर रही हैं। उसकी तलाश वाराणसी के अलावा आसपास के छह जिलों और दो राज्यों में भी की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।



