लालपुर-पांडेयपुर पुलिस और सर्विलांस सेल ने ऑटो व ई-रिक्शा में सफर करने वाली महिलाओं को बातचीत में उलझाकर चेन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने चार आरोपियों बैजनाथ उर्फ बैजू, सीमा, पिंकी और कुसुम को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो पीली धातु की चेन, दो मोबाइल फोन, 27 हजार रुपये नकद और एक स्कॉर्पियो बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई 16 सितंबर की सुबह करीब 8:40 बजे आजमगढ़ रोड स्थित ऑटो स्टैंड पर की गई। आरोपी अलग-अलग जनपदों में ऑटो या ई-रिक्शा से यात्रा करने वाली महिलाओं को अपना निशाना बनाते थे। बातचीत में उलझाकर उनके गले से चेन या अन्य सामान चोरी कर लेते थे।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मु0अ0सं0 0286/2026 का अनावरण किया। पूछताछ में आरोपियों ने काली माता मंदिर के पास महिला से चेन चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर में भी मुकदमे दर्ज हैं।


