सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी टीम ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्क्रैप लदे ट्रक को कब्जे में लेकर मिर्जापुर ले जाने, स्क्रैप बेचने और ट्रक कटवाने की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक थाना रॉबर्ट्सगंज धर्मेंद्र कुमार सिंह और एसओजी प्रभारी राम स्वरूप वर्मा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर स्क्रैप लदे ट्रक को अपने कब्जे में लिया था। इसके बाद ट्रक को मिर्जापुर ले जाकर उसमें लदे स्क्रैप को बेच दिया गया और ट्रक को कटवा दिया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस और एसओजी टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 5 लाख रुपये नकद, करीब 15 लाख रुपये कीमत के ट्रक के कटे हुए कल-पुर्जे, 4 मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।


