चितईपुर थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा नगर में सीवर, खुले नालों और जलनिकासी की समस्या से परेशान लोगों ने रविवार को जन आक्रोश रैली निकालकर स्थायी समाधान की मांग की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि करीब 12 वर्षों से कॉलोनी में नारकीय हालात बने हुए हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।स्थानीय लोगों के अनुसार नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैलने से आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। जलजमाव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि सड़क, सीवर और पाइपलाइन के कार्यों की समन्वित योजना नहीं होने से बार-बार सड़क खोदने की स्थिति बनती है। लोगों ने महापौर और नगर आयुक्त से विश्वकर्मा नगर में स्थायी सीवर लाइन बिछाने, खुले नालों की सफाई और जलनिकासी की तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की।
साथ ही सीवर लाइन बनने तक रियायती दर पर सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की गई। लोगों ने स्पष्ट कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध कार्रवाई और जमीन पर दिखाई देने वाला समाधान चाहिए। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी।


