काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भोजपुरी अध्ययन केंद्र और ‘मानस’ पत्रिका के संयुक्त तत्वावधान में राहुल सभागार में ‘हिंदी भाषा उत्सव’ के तहत राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित हुआ। ‘हिंदी का लोक और लोक की हिंदी’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल ने की।
कार्यक्रम में ‘मानस’ पत्रिका के नए अंक का लोकार्पण किया गया। साहित्य सृजन के लिए आशुतोष कुमार विनायक, प्रो. अखिलेश चंद्र, डॉ. माधुरी त्रिपाठी और गोलेन्द्र पटेल को विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया गया। लाइव चित्रकारी के लिए डॉ. शालिनी सिंह के नेतृत्व में छह कलाकारों को मानस कला सम्मान प्रदान किया गया।
प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल ने कहा कि हिंदी को आत्मघृणा से मुक्त होकर आत्मअनुराग से जुड़ना होगा। वक्ताओं ने हिंदी की लोक परंपरा, देशज मुहावरों और बहुलता को उसकी शक्ति बताया। संचालन डॉ. प्रीति विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, साहित्यकार और छात्र मौजूद रहे।


